केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया MBBS हिंदी पाठ्यक्रम पुस्तक का विमोचन

मध्यप्रदेश: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में एमबीबीएस हिंदी पाठ्यक्रम पुस्तक का विमोचन किया. मंत्री अमित शाह ने रविवार को इसका शुभारंभ किया व प्रथम वर्ष की मेडिकल की हिन्दी पुस्तकों का विमोचन किया.
भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा समेत अन्य मंत्री और नेता मौजूद रहे.
मप्र के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम की अगुवाही करते हुए कहा, कि आज का दिन ऐतिहासिक दिन है। मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में मध्य प्रदेश की धरती पर होगी। हिंदी की पढ़ाई गरीब बच्चों की जिंदगी में एक नया प्रकाश लेकर आएगी.
वहीं गृह मंत्री ने कहा, ‘भारत के शिक्षा क्षेत्र के लिए आज का दिन बहुत ही महत्वपूर्ण है. इतिहास के पन्नों में यह दिन सुनहरे अक्षरों में अंकित होगा. नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के जरिए पीएम मोदी ने छात्रों की मातृभाषा पर ज्यादा जोर दिया है. यह एक ऐतिहासिक निर्णय है. मुझे गर्व होता है कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने देश में सबसे पहले मेडिकल शिक्षा हिंदी भाषा में शुरु कर प्रधानमंत्री मोदी के सपने को पूरा करने का काम किया है.’
बताते चलें कि इसके साथ ही मध्यप्रदेश देश का ऐसा पहला राज्य बन गया है जहां एमबीबीएस की पढ़ाई अब हिन्दी में भी होगी.





