महाराष्ट्र: विधानसभा विशेष सत्र आज होगा शुरू, स्पीकर का होगा चुनाव
महाराष्ट्र: विधानसभा विशेष सत्र आज होगा शुरू, स्पीकर का होगा चुनाव
महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन और एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री बनने के बाद तीन और चार जुलाई को विधानसभा का पहला विशेष सत्र आज से शुरू हो रहा है। विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन विधानसभा के अध्यक्ष व स्पीकर का चुनाव होगा। इसके बाद महाराष्ट्र के नए सीएम शिंदे को विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा। महाराष्ट्र की हर हलचल से जुड़ी बड़ी अपडेट्स के लिए इस पेज को रिफ्रेश करते रहें।
आज सुबह 11 बजे विधानसभा स्पीकर का चुनाव होगा जिसमें विपक्ष ने भी अपना उम्मीदवार खड़ा कर दिया है। स्पीकर पद के चुनाव के लिए एनडीए की तरफ से बीजेपी ने राहुल नार्वेकर को प्रत्याशी बनाया है जबकि एमवीए की तरफ से शिवसेना विधायक राजन साल्वी का नाम सामने आया है। दोनों उम्मीदवारों ने शनिवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया था। नार्वेकर को जितवाने के लिए शिवसेना के बागी विधायक गोवा से मुंबई लौट चुके हैं। दोनों तरफ से व्हीप जारी किए गए हैं। हालांकि इस चुनाव में सबसे दिलचस्प ये देखना होगा कि उद्धव की शिवसेना और एकनाथ शिंदे की शिवसेना में से किसका विप प्रभावी होगा।





