‘बंटवारा 1947’ के दूसरे टीजर ने बढ़ाई उत्सुकता, सनी देओल के दमदार डायलॉग ने जीता दिल

सनी देओल, प्रीति जिंटा और शबाना आजमी की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का दूसरा टीजर रिलीज हो गया है। टीजर में 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन के दर्द और उस दौर की घटनाओं को भावनात्मक अंदाज में दिखाया गया है। टीजर की शुरुआत हिंसा, आगजनी और लोगों पर हो रहे अत्याचार के दृश्यों से होती है। इसमें प्रीति जिंटा, अली फजल और शबाना आजमी के किरदार मुश्किल हालात का सामना करते नजर आते हैं।
View this post on Instagram
इसके बाद सनी देओल की दमदार एंट्री होती है। उनका संवाद, “डर रहा है इंसान, मर रहा है इंसान… और मैं जीते जी मरना नहीं चाहता। मैं जिंदा हूं और जिंदा होने का सबूत दूंगा,” टीजर को और प्रभावशाली बना देता है। इसके साथ ही सनी देओल जबरदस्त एक्शन करते भी दिखाई देते हैं।
यह फिल्म मशहूर लेखक असगर वजाहत के चर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ए नई’ पर आधारित है। कहानी 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान लोगों के दर्द, बिछड़ने और संघर्ष को दिखाती है। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि इसके गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं।
फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल, अभिमन्यु सिंह और करण देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।





