भारत-इंग्लैंड मैच के दौरान कबीर बहिया के साथ नजर आईं कृति सेनन, फिर तेज हुई डेटिंग की चर्चा

बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन स्टेडियम, बर्मिंघम में खेले गए वनडे मैच के दौरान नजर आईं। इस दौरान उनके साथ ब्रिटेन के कारोबारी कबीर बहिया भी मौजूद थे। दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। मैच के बाद कबीर बहिया ने अपने इंस्टाग्राम पर स्टेडियम की कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें कृति सेनन भी दिखाई दीं। वहीं कृति ने भी अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर मैच की झलकियां शेयर कीं। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर एक बार फिर चर्चाएं शुरू हो गईं।

डेटिंग की अफवाहों को मिली फिर हवा
कृति सेनन और कबीर बहिया का नाम पिछले कई महीनों से एक-दूसरे के साथ जोड़ा जा रहा है। दोनों कई बार साथ नजर आ चुके हैं, लेकिन अब तक किसी ने भी अपने रिश्ते की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हाल ही में कबीर बहिया की एक दूसरी महिला के साथ तस्वीर वायरल होने के बाद दोनों के ब्रेकअप की अफवाहें भी सामने आई थीं। हालांकि बाद में कृति ने सोशल मीडिया पर एक फोटो डंप शेयर किया, जिसमें कबीर भी नजर आए। इसके बाद फैंस ने माना कि दोनों अब भी साथ हैं।
शादी को लेकर भी हुई थी चर्चा
हाल ही में कृति की बहन नूपुर सेनन के पति और गायक स्टेबिन बेन से कृति की शादी को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने कहा था कि कृति की शादी का फैसला पूरी तरह उनका निजी मामला है और जब वह तैयार होंगी, तभी यह फैसला लेंगी।
कौन हैं कबीर बहिया?
कबीर बहिया ब्रिटेन के एक कारोबारी हैं और वर्ल्डवाइड एविएशन एंड टूरिज्म लिमिटेड के संस्थापक बताए जाते हैं। उनके पिता कुलजिंदर बहिया ब्रिटेन की ट्रैवल कंपनी साउथॉल ट्रैवल के मालिक हैं।
वर्कफ्रंट
काम की बात करें तो कृति सेनन हाल ही में निर्देशक होमी अदजानिया की फिल्म ‘कॉकटेल 2’ में नजर आई थीं। इस फिल्म में उनके साथ शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना भी अहम भूमिका में थे।





