भारत

9 बच्चों की मां ने सोते हुए पति की कुल्हाड़ी से की हत्या, अवैध संबंध के शक में उठाया खौफनाक कदम

भोपाल: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 9 बच्चों की मां ने अपने पति की सोते समय कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला को शक था कि उसका पति किसी दूसरी महिला के साथ संबंध में है और जल्द ही उसे व बच्चों को छोड़कर दूसरी शादी कर सकता है। पहले महिला ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

सोते समय कुल्हाड़ी से किया हमला

पुलिस के अनुसार, यह घटना खरगोन जिले के चेनपुर थाना क्षेत्र के बाजार खोदरा चिड़िया गांव में 9-10 जुलाई की रात हुई। मृतक की पहचान इडा डुडवे (45) के रूप में हुई है। आरोप है कि उसकी पत्नी रूमली बाई डुडवे (35) ने रात में उसके सोते समय कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पहले सुनाई झूठी कहानी

हत्या के बाद महिला ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके पति की हत्या की है। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

शुरुआत में मामला बाहरी व्यक्ति द्वारा हत्या का लग रहा था, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को पति-पत्नी के बीच लगातार होने वाले विवाद और महिला के बयानों में विरोधाभास मिले।

पूछताछ में कबूला जुर्म

खरगोन के एएसपी बिट्टू सहगल के मुताबिक, सख्ती से पूछताछ करने पर रूमली बाई ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि उसका पति किसी दूसरी महिला के साथ संबंध में है और भविष्य में उसे तथा उनके बच्चों को छोड़कर दूसरी शादी कर सकता है।

इसी आशंका और लंबे समय से चल रहे घरेलू विवाद के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

ससुराल वालों के डर से छिपाई सच्चाई

महिला ने पुलिस को बताया कि उसने शुरुआत में झूठ इसलिए बोला क्योंकि उसे डर था कि यदि ससुराल वालों को सच्चाई पता चल गई तो वे उसकी हत्या कर सकते हैं।

9 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

पुलिस के अनुसार, दंपति के 9 बच्चे हैं, जिनमें 6 बेटियां और 3 बेटे शामिल हैं। बच्चों की उम्र ढाई साल से 16 साल के बीच है। घटना के बाद सभी बच्चे सदमे में हैं।

आरोपी महिला गिरफ्तार

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button