
कोझिकोड: केरल के करीपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोना तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक यात्री को गिरफ्तार किया है, जो इमरजेंसी लैंप के अंदर सोना छुपाकर तस्करी करने की कोशिश कर रहा था। आरोपी के पास से कुल 1.16 किलोग्राम सोना बरामद किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान ‘अस्लम’ के रूप में हुई है। वह दुबई से फ्लाईनास (Flynas) की उड़ान से कोझिकोड पहुंचा था। कस्टम जांच से बचने के लिए उसने इमरजेंसी लैंप के भीतर 10 सोने की छड़ें (Gold bars) छुपा रखी थीं। जैसे ही वह हवाई अड्डे से बाहर निकला, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे धर दबोचा।
जांच के घेरे में तस्करी का नेटवर्क
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस सोने का असली रिसीवर कौन था और क्या इसके पीछे किसी बड़े संगठित तस्करी गिरोह (Smuggling syndicate) का हाथ है। करीपुर हवाई अड्डे पर पिछले कुछ महीनों में सोना तस्करी के मामले तेजी से बढ़े हैं। इससे पहले भी एक यात्री को शरीर के अंदर सोना छुपाकर लाने के आरोप में पकड़ा गया था।
सुरक्षा एजेंसियों के बीच तनातनी
इस क्षेत्र में लगातार बढ़ रही तस्करी ने स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। मामला केरल हाईकोर्ट तक भी पहुंच चुका है, जहाँ कस्टम और केरल पुलिस के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर खींचतान देखी गई है। पुलिस ने जहां कस्टम अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं, वहीं कस्टम ने पुलिस पर उनकी कार्रवाई में हस्तक्षेप करने का दावा किया है।





