बेंगलुरु: रिटायर्ड प्रोफेसर से 2 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी, ‘कनिष्क स्कीम’ के नाम पर लगा चूना

बेंगलुरु में एक रिटायर्ड प्रोफेसर के साथ साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। जालसाजों ने एक फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और वॉट्सऐप ग्रुप्स का इस्तेमाल कर प्रोफेसर को 2 करोड़ रुपये से अधिक का चूना लगाया है। इस पूरे मामले को लेकर शहर के साइबर क्राइम पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
ऐसे बिछाया ठगी का जाल
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखा था जिसमें ‘कनिष्क स्कीम’ नामक निवेश प्रोग्राम का प्रचार किया जा रहा था। लिंक पर क्लिक करते ही उन्हें वॉट्सऐप पर रीडायरेक्ट किया गया। वहां मौजूद ठगों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनके प्लेटफॉर्म के जरिए निवेश करने पर 300 फीसदी तक का रिटर्न मिल सकता है।
ठगों ने प्रोफेसर को एक वेबसाइट पर रजिस्टर करने के लिए मजबूर किया और उन्हें ‘AR-Deposit Services ST4704 Group’ और ‘[ANAND RATHI] VIP 1’ जैसे वॉट्सऐप ग्रुप्स में जोड़ दिया।
खुद को बताया बाजार विशेषज्ञ
इन ग्रुप्स में खुद को बाजार विशेषज्ञ और इन्वेस्टमेंट एडवाइजर बताने वाले लोगों ने स्टॉक मार्केट टिप्स और आईपीओ से जुड़ी सलाह देना शुरू किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी कंपनी सेबी (SEBI) के साथ रजिस्टर्ड है, जिससे पीड़ित को उन पर पूरा भरोसा हो गया।
36 दिनों में गवांए 2 करोड़
पीड़ित ने 12 मई से 17 जून के बीच अलग-अलग बैंकों के खातों में कुल 2.05 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। जब समय बीतने के बाद भी कोई मुनाफा नहीं मिला और पीड़ित अपनी मूल राशि भी नहीं निकाल पाए, तब उन्हें धोखाधड़ी का एहसास हुआ।
अंत में, उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन (1930) पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





