वेनेजुएला में 100 साल का सबसे शक्तिशाली भूकंप, पीएम मोदी ने मदद का दिया भरोसा

काराकास: वेनेजुएला में बुधवार को आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। 7.2 और 7.5 तीव्रता के इन भूकंपों ने राजधानी काराकास समेत कई शहरों में इमारतों को नुकसान पहुंचाया और लोगों में दहशत फैला दी। बताया जा रहा है कि यह पिछले 100 वर्षों में देश का सबसे शक्तिशाली भूकंप है।
भूकंप के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए कहा कि भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस आपदा से प्रभावित लोगों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
Deeply saddened by the devastation caused by the severe earthquakes in Venezuela.
On behalf of the people of India, I extend our heartfelt condolences to the Government and people of Venezuela, especially to the families who have lost their loved ones. We pray for the speedy…
— Narendra Modi (@narendramodi) June 25, 2026
भूकंप का केंद्र राजधानी काराकास से पश्चिम में स्थित सान फेलिपे के पास था। पहला झटका स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6 बजे महसूस किया गया, जबकि एक मिनट से भी कम समय बाद दूसरा और अधिक शक्तिशाली झटका आया। इसके बाद लोग घरों और इमारतों से निकलकर सड़कों पर आ गए।
अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, काराकास में कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में होटल और अन्य भवनों के मलबे में तब्दील होने के दृश्य दिखाई दिए। एयरपोर्ट पर भी अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। भूकंप ऐसे समय में आया है जब कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और विदेशी निवेश आकर्षित करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने हाल के महीनों में भारत समेत कई देशों के साथ ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया था।
राहत और बचाव कार्यों के लिए कई देशों ने मदद की पेशकश की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका वेनेजुएला की सहायता के लिए तैयार है और संबंधित एजेंसियों को तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, डोमिनिकन रिपब्लिक के राष्ट्रपति लुइस अबिनाडर ने सैन्य बचाव दल भेजने की घोषणा की है। अल सल्वाडोर के राष्ट्रपति नायब बुकेले ने भी 300 बचावकर्मियों, पैरामेडिक्स, दवाइयों और जरूरी राहत सामग्री के साथ सहायता भेजने की बात कही है।
भूकंप के बाद वेनेजुएला के तटीय इलाकों और अरूबा तथा बोनायर द्वीपों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी, लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया गया। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी हैं तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।





