ताज़ा खबरेंभारत

लखनऊ में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की संदिग्ध मौत, परिवार ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2024 में हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार, कानपुर निवासी मानसी की शादी वर्ष 2024 में सागर राजपूत से हुई थी। दोनों सोशल मीडिया पर सक्रिय थे। सागर राजपूत के इंस्टाग्राम पर करीब 8 लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।

परिजनों का आरोप है कि शादी के दौरान नकद 7 लाख रुपये और घरेलू सामान दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था।

कार की मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप

मृतका के परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही कार सहित अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर मानसी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

परिजनों के मुताबिक, मानसी कई बार अपने साथ हो रही प्रताड़ना की जानकारी उन्हें देती थी। परिवार ने कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश भी की, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

आत्महत्या नहीं, हत्या का आरोप

परिवार का दावा है कि उन्हें शनिवार को मानसी की मौत की सूचना मिली। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि मानसी की हत्या की गई और बाद में शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने मृतका के परिवार की शिकायत के आधार पर दहेज मृत्यु का मामला दर्ज किया है। इस मामले में पति सागर राजपूत, ससुर राजेश, देवर अनु, ननद बरखा, चांदनी और बुआ सास आशा को आरोपी बनाया गया है।

पुलिस ने बताया कि सागर राजपूत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला एक बार फिर दहेज प्रथा और महिलाओं के खिलाफ घरेलू हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button