Ebola Virus को लेकर आंध्र प्रदेश सरकार अलर्ट, एयरपोर्ट्स पर स्क्रीनिंग शुरू

आंध्र प्रदेश सरकार ने अफ्रीका के कुछ हिस्सों में फैल रहे इबोला वायरस (Ebola Virus) के प्रकोप को देखते हुए राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्या कुमार यादव ने रविवार को जानकारी दी कि सरकार ने संभावित खतरों को भांपते हुए एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
यात्रियों की स्क्रीनिंग और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
स्वास्थ्य विभाग ने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट्स—विशाखापत्तनम, तिरुपति और विजयवाड़ा पर यात्रियों की स्क्रीनिंग तेज कर दी है। जो यात्री इबोला प्रभावित देशों (विशेषकर कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, युगांडा और दक्षिण सूडान) से आ रहे हैं, उनकी यात्रा इतिहास की जांच की जा रही है। किसी भी संदिग्ध मामले को तुरंत क्वारंटाइन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, प्रभावित देशों की यात्रा न करने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा और तैयारी
मंत्री ने बताया कि कोविड-19 के दौर से सीख लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत किया है। राज्य के शिक्षण अस्पतालों में 15 बिस्तरों वाले समर्पित आइसोलेशन वार्ड तैयार किए जा रहे हैं। पीपीई किट और डायग्नोस्टिक टेस्टिंग किट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही, ANM और ASHA कर्मियों के साथ वर्चुअल मीटिंग के जरिए जमीनी स्तर पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।
इबोला के मुख्य लक्षण
सरकार ने जनता को ebola के लक्षणों के प्रति जागरूक रहने की अपील की है। इसमें अचानक तेज बुखार, अत्यधिक कमजोरी, सिरदर्द, गले में खराश, मांसपेशियों में दर्द, उल्टी, दस्त, पेट दर्द, आंखों का लाल होना और भूख न लगना शामिल है।
यदि कोई व्यक्ति पिछले तीन हफ्तों में किसी प्रभावित देश से लौटा है और बीमार महसूस कर रहा है, तो उसे तुरंत जिला प्रशासन को सूचित करना चाहिए। केंद्र और अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य एजेंसियों के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए राज्य प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।





