Bobby Deol की फिल्म ‘Bandar’ का ट्रेलर रिलीज, क्राइम और सस्पेंस से भरपूर दिखी कहानी

मुंबई: Bandar का ऑफिशियल ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। फिल्म में Bobby Deol लीड रोल में नजर आ रहे हैं। इस क्राइम थ्रिलर को Anurag Kashyap ने डायरेक्ट किया है। फिल्म अगले महीने सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
ट्रेलर में बॉबी देओल को समर मेहरा नाम के एक टीवी स्टार के किरदार में दिखाया गया है, जो अपनी गिरती लोकप्रियता, अकेलेपन और खराब होती पब्लिक इमेज से जूझ रहा है। कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है जब उसकी मुलाकात डेटिंग ऐप के जरिए एक महिला से होती है, जिसका किरदार Sapna Pabbi ने निभाया है। बाद में महिला समर पर रेप, ब्लैकमेल और जबरन वसूली जैसे गंभीर आरोप लगा देती है।
ट्रेलर में समर खुद को बेगुनाह बताते हुए महिला को स्टॉकर कहता नजर आता है, लेकिन इसके बाद वह कानूनी लड़ाई और सिस्टम की भ्रष्ट राजनीति में फंस जाता है।
ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन भी सामने आने लगे। कई यूजर्स ने इसे क्लासिक अनुराग कश्यप स्टाइल बताया, जबकि कुछ ने बॉबी देओल की एक्टिंग की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा कि लंबे समय बाद बॉबी देओल को इतने दमदार लीड रोल में देखना शानदार है।
फिल्म को अनुराग कश्यप ने डायरेक्ट किया है, जबकि इसे निखिल द्विवेदी ने अपने बैनर Saffron Magicworks के तहत प्रोड्यूस किया है। फिल्म की कहानी सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म एक सच्ची घटना से प्रेरित है।





