विदेश

UP में आंधी-तूफान से भारी तबाही, पुतिन ने भारत को भेजा संवेदना संदेश

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में आए भीषण आंधी-तूफान और चक्रवाती मौसम के बाद हुई भारी तबाही पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत के प्रति संवेदना जताई है। पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संदेश भेजकर इस प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की मौत और भारी नुकसान बेहद दुखद है।

अपने संदेश में पुतिन ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उत्तर प्रदेश में 13-14 मई को आए तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश ने कई जिलों में भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के कारण पेड़ उखड़ गए, कई मकान और ढांचे क्षतिग्रस्त हुए, जबकि बिजली और परिवहन सेवाएं भी प्रभावित रहीं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस आपदा में करीब 90 से 100 लोगों की मौत हुई है। सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में प्रयागराज में 21 मौतें दर्ज की गईं। इसके अलावा फतेहपुर में 15, भदोही में 13 से 18 और मिर्जापुर में 12 से 15 लोगों की मौत की खबर है। वहीं, उन्नाव, बदायूं, प्रतापगढ़, बरेली, सीतापुर, कानपुर देहात और लखीमपुर समेत कई अन्य जिलों में भी जानमाल का नुकसान हुआ है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तुरंत राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा देने और नुकसान का जिला स्तर पर सत्यापन कराने के आदेश दिए हैं। सरकार की ओर से हर तीन घंटे में स्थिति की अपडेट रिपोर्ट देने को भी कहा गया है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button