UP में 4 महीने तक घर में बेटी का शव रखा रहा पिता, बदबू आने पर खुला मामला

Uttar Pradesh: मेरठ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 72 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के शव को करीब चार महीने तक घर में ही रखा। घटना सदर बाजार थाना क्षेत्र के तेली मोहल्ला की है। मामले का खुलासा तब हुआ जब आसपास रहने वाले लोगों ने घर से तेज दुर्गंध आने की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान उदयभानु बिस्वास के रूप में हुई है। उनकी 35 वर्षीय बेटी प्रियंका की मौत 1 दिसंबर 2025 को बीमारी के कारण हुई थी। लेकिन पिता ने बेटी का अंतिम संस्कार नहीं किया और शव को घर के एक बंद कमरे में रख दिया।
दुर्गंध आने पर खुला राज, पिता के घर से मिला बेटी का कंकाल
जांच में सामने आया कि उदयभानु कई दिनों तक उसी घर में रहते रहे और दुर्गंध छिपाने के लिए इत्र और अन्य चीजों का इस्तेमाल करते थे। 10 अप्रैल को पुलिस ने घर से बेटी का सड़ा-गला शव बरामद किया, जो काफी हद तक कंकाल में बदल चुका था।
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों के मुताबिक, उदयभानु मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और शिक्षा विभाग में प्रशासनिक अधिकारी रह चुके हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी का मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है। मेडिकल जांच के बाद बुधवार को उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोग भी हैरान हैं कि इतने लंबे समय तक किसी को इस बात की जानकारी नहीं हो सकी।





