UP में बड़ा हादसा: यमुना नदी में नाव डूबी, 6 लोग लापता, राहत-बचाव अभियान जारी

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया, जब यमुना नदी में नौ लोगों से भरी एक नाव अचानक पानी में समा गई। हादसे में तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि छह लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन, पुलिस और राहत दल लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं।
जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गए। SDRF, NDRF और बाढ़ राहत टीमों को तुरंत बुलाया गया। SDRF की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और अन्य टीमें भी राहत कार्य में जुटी हैं।
नाव अचानक पानी में समाई
प्रशासन के अनुसार, नाव घाटमपुर से लौट रही थी। बचाए गए नाविक ने बताया कि नाव पलटी नहीं, बल्कि अचानक पानी में डूबने लगी। जो लोग तैरना जानते थे, वे किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन बाकी लोग नदी में बह गए।
लापता लोगों में बच्चे भी शामिल
BJP विधायक मनोज प्रजापति ने बताया कि लापता लोगों में एक महिला और पांच बच्चे शामिल हैं। बच्चों की उम्र 5 से 15 साल के बीच बताई जा रही है। प्रशासन ने पूरे इलाके में खोज अभियान तेज कर दिया है।
DIG राजेश यश ने कहा कि पुलिस, SDRF और जिला प्रशासन की टीमें लगातार नदी में तलाश कर रही हैं। रातभर अभियान जारी रखने का फैसला लिया गया है।
हाल ही में जबलपुर में भी हुआ था बड़ा हादसा
कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बांध में भी बड़ा नाव हादसा हुआ था। उस घटना में 13 लोगों की मौत हो गई थी। पर्यटन विभाग की क्रूज़ नाव 30 अप्रैल को पलट गई थी, जबकि 29 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था।





