Operation Sindoor के एक साल: PM मोदी बोले- आतंकवाद के खिलाफ भारत का जवाब और भी मजबूत

New Delhi: प्रधानमंत्री Narendra Modi ने गुरुवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक साल पूरे होने पर भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी, सटीक रणनीति और समन्वय की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह अभियान आतंकवाद के खिलाफ भारत के मजबूत रुख और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।
PM मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा कि एक साल पहले भारतीय सेनाओं ने असाधारण साहस और दृढ़ता दिखाते हुए पहलगाम आतंकी हमले का करारा जवाब दिया था। उन्होंने कहा कि पूरा देश सेना के शौर्य को सलाम करता है।
A year ago, our armed forces displayed unparalleled courage, precision and resolve during #OperationSindoor. They gave a fitting response to those who dared to attack innocent Indians at Pahalgam. The entire nation salutes our forces for their valour.
Operation Sindoor reflected…
— Narendra Modi (@narendramodi) May 7, 2026
‘ऑपरेशन सिंदूर’ 7 मई 2025 को शुरू किया गया था। यह अभियान पहलगाम आतंकी हमले के बाद चलाया गया, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की जान गई थी। इसके बाद भारत ने सीमा पार आतंकी ढांचे को निशाना बनाते हुए संयुक्त सैन्य कार्रवाई की थी।
तीनों सेनाओं ने दिखाया जबरदस्त तालमेल
सरकारी जानकारी के मुताबिक, इस अभियान में थल सेना, वायु सेना और नौसेना ने मिलकर काम किया। भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान के भीतर मौजूद कई आतंकी ठिकानों पर सटीक हवाई कार्रवाई की। वहीं भारतीय सेना ने सीमा पर घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम किया।
भारतीय नौसेना ने समुद्री क्षेत्र में मजबूत मौजूदगी बनाए रखी और दुश्मन की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। अभियान के दौरान एयर डिफेंस सिस्टम ने ड्रोन और मिसाइल खतरों को भी सफलतापूर्वक रोका।
‘आत्मनिर्भर भारत’ की ताकत भी दिखी
PM मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की रक्षा तैयारियों और आत्मनिर्भर रक्षा तकनीक की ताकत को भी दुनिया के सामने रखा। उन्होंने कहा कि सेनाओं के बीच बढ़ता तालमेल और स्वदेशी रक्षा प्रणाली भारत की सुरक्षा को और मजबूत बना रही है।
अभियान के दौरान स्वदेशी ‘आकाश’ मिसाइल सिस्टम समेत कई आधुनिक रक्षा प्रणालियों का इस्तेमाल किया गया, जिसने दुश्मन के ड्रोन और हवाई खतरों को रोकने में अहम भूमिका निभाई।
BSF ने भी घुसपैठ की कोशिश नाकाम की
अभियान के दौरान जम्मू-कश्मीर के सांबा सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को विफल किया था। BSF जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखते ही जवाबी कार्रवाई की और दो घुसपैठियों को मार गिराया।
सोशल मीडिया पर बदली प्रोफाइल तस्वीर
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर PM मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल की तस्वीर भी बदली। नई तस्वीर में ‘Operation Sindoor’ को श्रद्धांजलि देते हुए भारतीय सेनाओं के पराक्रम को सम्मान दिया गया।





