‘पेद्दी’ की नई रिलीज डेट आई सामने, बॉक्स ऑफिस पर होगा बड़ा क्लैश

साउथ सुपरस्टार राम चरण की आगामी फिल्म ‘पेद्दी’ का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। अब मेकर्स ने आखिरकार फिल्म की नई रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। यह फिल्म अब 4 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी। इससे पहले ‘पेद्दी’ 30 अप्रैल 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन आईपीएल सीजन के चलते इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई थी। अब टूर्नामेंट खत्म होने के बाद मेकर्स फिल्म को बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी में हैं।
दो फिल्मों से होगा बॉक्स ऑफिस क्लैश
‘पेद्दी’ की नई रिलीज डेट सामने आने के बाद बॉक्स ऑफिस पर बड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। 5 जून को बॉबी देओल की फिल्म ‘बंदर’ रिलीज होने वाली है। वहीं इसी दिन वरुण धवन की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ भी सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
इस फिल्म में वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े भी नजर आएंगी। ऐसे में जून के पहले हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर तीन बड़ी फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
स्पोर्ट्स ड्रामा है ‘पेद्दी’
राम चरण की यह फिल्म एक स्पोर्ट्स ड्रामा है, जिसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है। फिल्म में उनके साथ जान्हवी कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसका निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है। अब फैंस 4 जून 2026 को फिल्म के रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं।





