स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज को लेकर ईरान सख्त, सैन्य तैयारी बढ़ाई

ईरान ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसने खाड़ी क्षेत्र, खासकर स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज के आसपास अपनी “नाकेबंदी और समुद्री कार्रवाई” जारी रखी, तो उसे इसका “कड़ा जवाब” दिया जाएगा। यह बयान ईरान के शीर्ष सैन्य कमांड Khatam al-Anbiya Central Headquarters की ओर से जारी किया गया है, जो सेना और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के बीच समन्वय करता है।
ईरान ने कहा कि उसकी सेना पूरी तरह सतर्क है और देश की सुरक्षा व रणनीतिक हितों की रक्षा के लिए तैयार है। बयान में यह भी कहा गया कि ईरान की सैन्य ताकत पहले से ज्यादा मजबूत और तैयार है, और वह क्षेत्र में हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है। ईरान ने खास तौर पर होरमुज जलडमरूमध्य का जिक्र करते हुए कहा कि वह इस अहम समुद्री मार्ग पर नियंत्रण बनाए रखने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। यह रास्ता दुनिया के तेल व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
दूसरी तरफ United States की सेना इस क्षेत्र में लगातार सक्रिय है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, ईरान से जुड़े जहाजों को रोकने के लिए समुद्री कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कार्रवाई के चलते कई जहाजों को अपना रास्ता बदलना पड़ा है और अब तक कम से कम 34 जहाज वापस लौट चुके हैं। हाल ही में 24 अप्रैल को अमेरिकी युद्धपोत USS Rafael Peralta ने एक ईरानी जहाज को भी रोका था।
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच यह बयान स्थिति को और गंभीर बना सकता है।





