समय रैना की धमाकेदार वापसी, ‘स्टिल अलाइव’ बना दुनिया का सबसे ज्यादा देखा गया स्टैंडअप शो

कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना ने करीब एक साल बाद अपने नए शो ‘स्टिल अलाइव’ के साथ शानदार वापसी की है। इस शो को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है और यह तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
यह कॉमेडी स्पेशल 7 अप्रैल 2026 को रिलीज हुआ था और अब तक इसे 53.8 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। इसी के साथ ‘स्टिल अलाइव’ दुनिया का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला फुल-लेंथ स्टैंडअप कॉमेडी शो बन गया है। खास बात यह है कि रिलीज के पहले 24 घंटों में ही इसने 22 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए थे।
अपने इस शो में समय रैना ने दर्शकों का धन्यवाद किया और पिछले एक साल के अपने संघर्ष के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि यह उनका अब तक का सबसे ईमानदार काम है और इसकी सफलता का श्रेय उन लोगों को जाता है, जिन्होंने मुश्किल समय में उनका साथ दिया।
दरअसल, पिछले साल समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवादों में आ गया था। इस शो में डार्क कॉमेडी और कुछ आपत्तिजनक मजाकों को लेकर काफी आलोचना हुई थी। एक एपिसोड में रणवीर अल्लाहबादिया की एक टिप्पणी पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर जमकर विरोध हुआ।
इस विवाद के चलते समय रैना और रणवीर अल्लाहबादिया दोनों को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा और पुलिस में शिकायत भी दर्ज हुई। बाद में समय रैना को अपने शो के सभी एपिसोड हटाने पड़े और उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी।
अब ‘स्टिल अलाइव’ के जरिए समय रैना ने दमदार वापसी करते हुए एक नई शुरुआत की है, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।





