
गोपालगंज: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रविवार को उनके भाई विजेंद्रनाथ तिवारी पर बिहार के गोपालगंज जिले में जानलेवा हमला हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना उनके पैतृक गांव बेलसंड (बरौली) में हुई है।
जमीन विवाद बना वजह
बताया जा रहा है कि यह हमला जमीन से जुड़े एक विवाद के कारण हुआ है। हमलावरों ने विजेंद्रनाथ तिवारी को लाठी और डंडों से बुरी तरह पीटा। हमले के बाद उन्हें आनन-फानन में गोपालगंज के मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है।
पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा
गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक (SP) विनय तिवारी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
फिलहाल, पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। जैसे ही औपचारिक शिकायत मिलेगी, पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। घटना के बाद से अभिनेता का परिवार सदमे में है और इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।





