भारत

लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में भीषण आग, 12 लोगों की मौत, कई छात्र बचाए गए

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत और बचाव कार्य देर तक जारी रहा।

जानकारी के अनुसार, आग अलीगंज थाना क्षेत्र स्थित उषा मेहता मार्ग पर एक कोचिंग सेंटर में लगी। घटना की सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ अंदर फंसे लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कुछ छात्रों ने इमारत से छलांग लगा दी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो में एक युवक को पहली मंजिल से कूदते हुए देखा गया, हालांकि इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आग के दौरान कई छात्र अंदर फंस गए थे। वहीं, कुछ छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायल छात्रों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है।

ब्रजेश पाठक ने बताया कि अब तक 13 छात्रों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। दमकल कर्मियों और एनडीआरएफ की टीम ने इमारत के सभी कमरों और बाथरूमों की जांच की है। घने धुएं के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही थीं, इसलिए टीम ने पड़ोसी इमारत की दीवार तोड़कर भी अंदर पहुंचने की कोशिश की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और इसकी उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक पालतू पशुओं की दुकान थी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर कोचिंग और एनीमेशन सेंटर संचालित किए जा रहे थे।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button