वायरल वीडियो ने बढ़ाई हलचल, क्या फिर करीब आ रहे हैं स्मृति-पलाश?

मुंबई: भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना और संगीतकार पलाश मुच्छल के रिश्ते को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने दोनों के बीच नए सिरे से अटकलें शुरू कर दी हैं।
इस वीडियो में स्मृति मंधाना के पिता, सिंगर पलक मुच्छल और उनके पति म्यूजिक कंपोजर मिथून के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो में पलक, मंधाना के पिता के पैर छूकर आशीर्वाद लेती दिख रही हैं और सभी के बीच हल्की-फुल्की बातचीत होती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो मुंबई के बांद्रा स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर का है।
हालांकि यह एक सामान्य मुलाकात लग रही है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे स्मृति और पलाश के रिश्ते में सुधार का संकेत मान रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि यह पुराना वीडियो भी हो सकता है।
बता दें कि स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी नवंबर 2025 में होने वाली थी, लेकिन अचानक इसे टाल दिया गया। उस समय दोनों परिवारों में स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं की बात सामने आई थी। बाद में दोनों ने अपने अलग होने की पुष्टि कर दी थी।
इस पूरे मामले के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें भी फैली थीं, जिन्हें पलाश के परिवार ने खारिज किया था।
फिलहाल इस वायरल वीडियो की सच्चाई और समय को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। न ही स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल ने इस पर कोई प्रतिक्रिया दी है।
हालांकि इतना जरूर है कि अलग होने के बावजूद दोनों परिवारों के बीच संबंध सामान्य नजर आ रहे हैं। अब यह सिर्फ एक साधारण मुलाकात है या कुछ और, यह साफ नहीं है। फिलहाल सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चाएं जारी हैं।





