ईरान को ट्रंप की नई चेतावनी: ‘स्ट्रेट ऑफ हार्मुज़’ खोलो, वरना पावर प्लांट और पुल बनेंगे निशाना’

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक सख्त बयान देते हुए ईरान को चेतावनी दी कि अगर होर्मुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के अहम ठिकानों पर हमला कर सकता है।
रविवार को सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर मंगलवार तक होर्मुज़ जलडमरूमध्य को समुद्री यातायात के लिए नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट और पुलों को निशाना बनाएगा। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ, तो ईरान को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
गौरतलब है कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल आपूर्ति मार्गों में से एक है, और इसके बंद होने से वैश्विक बाजार पर बड़ा असर पड़ा है।
रेस्क्यू ऑपरेशन और तनाव
इस बीच, अमेरिकी सेना ने हाल ही में एक बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन में अपने दो पायलटों को सुरक्षित निकाला। ये पायलट उस समय ईरान में फंस गए थे जब उनका लड़ाकू विमान गिर गया था। ट्रंप के मुताबिक, एक पायलट घायल है लेकिन उसकी हालत स्थिर है।
हालांकि, ईरान ने दावा किया है कि उसने कई अमेरिकी विमानों को मार गिराया है और चेतावनी दी है कि अगर उसके नागरिक ठिकानों पर हमला हुआ, तो वह और ज्यादा ताकत से जवाब देगा।
ईरान की प्रतिक्रिया
ईरान ने साफ कहा है कि अगर अमेरिका या इज़राइल ने उसके इंफ्रास्ट्रक्चर या नागरिक ठिकानों पर हमला किया, तो वह क्षेत्र के तेल ठिकानों और अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर जवाबी कार्रवाई करेगा।
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते इस टकराव ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही धमकियों और हमलों से यह आशंका बढ़ गई है कि यह संघर्ष और बड़ा रूप ले सकता है, जिसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और तेल सप्लाई पर पड़ सकता है।





