AAP नेताओं के आरोपों पर राघव चड्ढा का जवाब, कहा- पंजाब मेरी जिम्मेदारी है

नई दिल्ली: राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पंजाब के मुद्दों को संसद में नहीं उठाने के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने अपने भाषणों का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे ननकाना साहिब कॉरिडोर, किसानों के लिए MSP की गारंटी, भगत सिंह को भारत रत्न देने की मांग और महाराजा रणजीत सिंह के शाही सिंहासन की वापसी जैसे मुद्दों को उठाते नजर आए।
राघव चड्ढा ने वीडियो के साथ लिखा, “पंजाब मेरे लिए सिर्फ मुद्दा नहीं है, यह मेरा घर, मेरी जिम्मेदारी और मेरी पहचान है… यह सिर्फ एक झलक है, पूरी तस्वीर अभी बाकी है।” यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में उन्हें राज्यसभा में AAP के डिप्टी लीडर पद से हटा दिया गया है। पार्टी के अंदर उनके और अरविंद केजरीवाल के बीच मतभेद की खबरें भी सामने आ रही हैं।
To my colleagues in AAP who were forced to issue videos saying that “Raghav Chadha failed to raise Punjab’s issues in Parliament”, here is a small trailer…Picture Abhi Baaki Hai.
Punjab isn’t a talking point for me. It is my home, my duty, my soil, my soul❤️ pic.twitter.com/qdTMHK4sqU
— Raghav Chadha (@raghav_chadha) April 5, 2026
वहीं, पंजाब के AAP नेताओं ने चड्ढा पर निशाना साधा है। मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आरोप लगाया कि चड्ढा ने कई अहम मुद्दों को संसद में नहीं उठाया। वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने यह भी दावा किया कि चड्ढा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के खिलाफ अपने पुराने सोशल मीडिया पोस्ट डिलीट कर दिए हैं।
विवाद तब और बढ़ गया जब चड्ढा ने आरोप लगाया कि पार्टी नेतृत्व उन्हें जनता के मुद्दे उठाने से रोक रहा था। वहीं, पार्टी ने पलटवार करते हुए कहा कि चड्ढा कम अहम मुद्दों पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं और पार्टी लाइन से हट रहे हैं। यह पूरा मामला AAP के अंदर चल रही खींचतान को दिखाता है, जहां राघव चड्ढा लगातार अपने बयान और सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात रख रहे हैं।





