भारत

प्रयागराज के कोल्ड स्टोरेज में धमाका, 8 मजदूरों की मौत, कई घायल

प्रयागराज में फाफामऊ क्षेत्र के चंदापुर में प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर स्थित समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद के कोल्ड स्टोरेज में तेज धमाके के साथ हादसा हुआ। अमोनिया गैस के टैंक फटने से यह घटना हुई। इस धमाके के बाद मलबे में डेढ़ दर्जन से अधिक मजदूर दब गए। मौके पर तेजी से बचाव कार्य शुरू किया गया और कई लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आठ मजदूरों की मौत हुई है, जबकि छह की हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर दमकल की कई गाड़ियां, एंबुलेंस और आसपास के थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए दर्जन भर से अधिक जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

घायलों में से कुछ को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि मृतकों और घायलों में अधिकतर मजदूर बिहार के सहरसा जिले के हैं। मृतकों में एक व्यक्ति की पहचान सहरसा का ज्योतिष के रूप में हुई है। हादसे के समय कोल्ड स्टोरेज में लगभग डेढ़ दर्जन लोग मौजूद थे। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग भी सहम गए। अमोनिया गैस रिसाव के कारण बचाव कार्य में बाधा आ रही है।

एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम ने भी बचाव कार्य में शामिल होकर मलबे से लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया है। ग्रामीणों की बड़ी संख्या मौके पर जमा है और लोग हादसे को लेकर काफी चिंतित और आक्रोशित हैं। पुलिस ने इस मामले में अंसार अहमद के परिवार के कुछ सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button