ताज़ा खबरेंभारत

बिहार: जयमाल के दौरान दुल्हन को मारी गोली, रास्ते में हुई मौत

बक्सर: बिहार के बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित चौसा नगर पंचायत में मंगलवार रात एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब जयमाल कार्यक्रम के दौरान दुल्हन को उसके कथित प्रेमी ने गोली मार दी।

दुल्हन आरती कुमारी (18) को पेट में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर मंच पर ही गिर पड़ी। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरातफरी मच गई।

बलिया से आई थी बारात

सूत्रों के अनुसार, बारात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर गांव से आई थी। नंद जी मल्लाह की बेटी आरती की शादी पूरे रीति-रिवाज के साथ चल रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही दुल्हन जयमाल के लिए मंच पर पहुंची, पड़ोस का युवक दीनबंधु अचानक स्टेज पर चढ़ आया और शर्ट के नीचे छिपाई पिस्टल से फायरिंग कर दी।

गोली लगते ही मौजूद बाराती और ग्रामीण जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। मंच पर मौजूद युवतियां चिल्लाने लगीं, “आरती को गोली मार दी… आरती को गोली मार दी।”

 

अस्पताल ले जाते समय मौत

घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से आरती को बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया।

हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

 

दो साल से था कथित प्रेम संबंध

ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी दीनबंधु पिछले दो वर्षों से आरती से प्रेम करता था। उसका घर भी दुल्हन के घर के पास ही बताया जा रहा है।

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और लगातार छापेमारी की जा रही है।

 

प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला

प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

 

इस घटना ने एक खुशियों भरे शादी समारोह को पलभर में शोक में बदल दिया। इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने जांच में तेजी लाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button