मनोरंजन

पहले से ज्यादा तीखा अवतार, ‘द केरल स्टोरी 2 – गोज़ बियॉन्ड’ का ट्रेलर रिलीज़

फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2 – गोज़ बियॉन्ड’ का ट्रेलर रिलीज़ कर दिया गया है। ट्रेलर काफी भावुक और झकझोर देने वाला है। यह फिल्म साल 2022 में आई ‘द केरल स्टोरी’ का दूसरा भाग है और पहले से कहीं ज्यादा गंभीर मुद्दों को दिखाने का दावा करती है। इस बार कहानी सिर्फ केरल तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के अलग-अलग राज्यों में रहने वाले किरदारों की ज़िंदगी, उनके दर्द और संघर्ष को सामने लाती है।

ट्रेलर शेयर करते हुए फिल्म के निर्माताओं ने लिखा कि हमारी बेटियों को निशाना बनाया गया, उनका भरोसा तोड़ा गया और उनका भविष्य छीन लिया गया। इस बार चुप नहीं बैठेंगे, अब लड़ेंगे। फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

ट्रेलर की शुरुआत एक सख्त चेतावनी के साथ होती है, जिसमें कहा जाता है कि आने वाले 25 वर्षों में भारत की पहचान खतरे में पड़ सकती है। इसके बाद कहानी राजस्थान पहुंचती है, जहां एक दुखी हिंदू परिवार थाने में शिकायत दर्ज कराने आता है। परिवार का आरोप है कि उनकी 16 साल की बेटी पर धर्म बदलने का दबाव बनाया गया।

माता-पिता का दर्द, डर और टूटता विश्वास ट्रेलर में साफ दिखाई देता है। इसके बाद कहानी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ती है। यहां एक हिंदू युवती को प्यार और शादी के नाम पर धोखा दिया जाता है। शादी के बाद उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाता है। उसकी खामोशी, अकेलापन और टूटती उम्मीदें कहानी को और गहरा बना देती हैं।

ट्रेलर का अगला हिस्सा केरल में दिखाया गया है। यहां एक मुस्लिम युवक अपनी हिंदू प्रेमिका से साथ रहने की बात करता है। जब लड़की धर्म बदलने से मना करती है, तो रिश्ते में तनाव बढ़ने लगता है। कई दृश्य ऐसे हैं, जहां उस पर अपनी आस्था छोड़ने का दबाव दिखाया गया है। यह हिस्सा पहचान, धर्म और निजी आज़ादी के बीच टकराव को दिखाता है।

फिल्म का निर्देशन कमाख्या नारायण सिंह ने किया है। फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा तीन हिंदू लड़कियों की भूमिका निभा रही हैं। कहानी में दिखाया गया है कि मुस्लिम युवकों से प्यार करने के बाद उनकी ज़िंदगी पूरी तरह बदल जाती है और धीरे-धीरे एक साजिश की परतें खुलती हैं।

फिल्म का निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने किया है। पहले भाग को लेकर हुई बहस और विवाद के बाद, यह फिल्म उससे भी आगे जाकर सवाल उठाने की कोशिश करती है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button