इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल होंगे बिल गेट्स, कीनोट भाषण भी देंगे

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट को लेकर फैली अटकलों के बीच साफ हो गया है कि बिल गेट्स इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। गेट्स फाउंडेशन के एक प्रवक्ता ने बताया कि बिल गेट्स तय कार्यक्रम के अनुसार नई दिल्ली में हो रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेंगे और अपना कीनोट भाषण भी देंगे।
इससे पहले मंगलवार को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि बिल गेट्स समिट में नहीं आएंगे। इन खबरों के बाद भ्रम की स्थिति बन गई थी, खासकर तब जब समिट की आधिकारिक वेबसाइट पर मंगलवार को बिल गेट्स का नाम नजर नहीं आया।
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट की वेबसाइट पर बिल गेट्स को तकनीकी क्षेत्र के बड़े नेताओं, उद्योग जगत के प्रमुखों, नीति निर्माताओं और स्टार्टअप संस्थापकों की सूची में शामिल किया गया था। यह सम्मेलन 16 से 20 फरवरी तक चल रहा है। हालांकि मंगलवार को उनका नाम वेबसाइट से हटता दिखाई दिया, जिससे उनकी मौजूदगी को लेकर अटकलें तेज हो गईं।
इस बीच, कुछ नेताओं और सोशल मीडिया यूज़र्स ने वेबसाइट के स्क्रीनशॉट साझा करते हुए दावा किया कि बिल गेट्स का नाम ‘मुख्य वैश्विक अतिथियों’ की सूची से हटा दिया गया है। इन दावों को हाल ही में सामने आई जेफरी एपस्टीन से जुड़ी फाइलों से जोड़कर देखा गया।
हालांकि गेट्स फाउंडेशन ने इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया। फाउंडेशन के प्रवक्ता ने कहा, “मीडिया में चल रही खबरें सही नहीं हैं। बिल गेट्स समिट में शामिल हो रहे हैं और उनका कीनोट भाषण तय समय पर होगा।” इसी दौरान शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को धन्यवाद देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि बिल गेट्स का नाम सूची से हटाया गया है, हालांकि बाद में स्थिति स्पष्ट हो गई।





