कोलंबो में गूंजा भारत का विजय शंख: पाकिस्तान को 61 रन से रौंदा, टीम इंडिया सुपर-8 में धमाकेदार एंट्री

क्रिकेट के सबसे बड़े मुकाबलों में से एक भारत-पाकिस्तान मैच ने एक बार फिर रोमांच की सारी सीमाएं पार कर दीं। टी20 विश्व कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त देकर अपनी ताकत का ऐलान कर दिया।
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन यह फैसला उन पर भारी पड़ गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। टीम इंडिया की पारी की जान रहे ईशान किशन, जिन्होंने तूफानी अंदाज में अर्धशतक जड़ते हुए पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। पहले ही ओवर में हार्दिक पांड्या ने साहिबजादा फरहान को बिना खाता खोले आउट कर दिया। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने दूसरे ओवर में सईम अयूब (6) और कप्तान सलमान अली आगा (4) को पवेलियन भेजकर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। शुरुआती दो ओवरों में तीन विकेट गिरने से पाकिस्तान उबर ही नहीं पाया।
उस्मान खान ने 44 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज पूरी तरह नाकाम रहे। सात खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई।
भारत की गेंदबाजी पूरी तरह हावी रही। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट झटके। वहीं कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को एक-एक सफलता मिली। इस धमाकेदार जीत के साथ सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली।





