RSS के 100 साल पूरे: मुंबई में हुए समारोह में दिखे कई बॉलीवुड सितारे

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने इस साल अपने 100 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया। इस मौके पर मुंबई में दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बॉलीवुड के कई बड़े सितारे और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े नाम शामिल हुए। समारोह के पहले दिन सलमान खान और रणबीर कपूर मौजूद रहे। उनके साथ फिल्ममेकर मोहित सूरी, सुभाष घई, नितेश तिवारी, महावीर जैन, ओम राउत, विक्रम मल्होत्रा और गीतकार प्रसून जोशी भी कार्यक्रम में पहुंचे। दूसरे दिन अक्षय कुमार, विक्की कौशल, फिल्ममेकर करण जौहर और अभिनेत्री अनन्या पांडे नजर आईं।
इसके अलावा रवीना टंडन, शिल्पा शेट्टी, जैकी श्रॉफ, रुपाली गांगुली और विनीत कुमार सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए। फिल्म जगत से नितेश तिवारी, मधुर भंडारकर, महेश मांजरेकर, आनंद एल राय, अमर कौशिक, अमित शर्मा, रमेश तौरानी और आनंद पंडित जैसे नाम भी समारोह का हिस्सा बने। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में ये सभी सितारे दर्शक दीर्घा में बैठे नजर आए।
यह दो दिवसीय कार्यक्रम 7 फरवरी से शुरू होकर 8 फरवरी 2026 को मुंबई के नेहरू सेंटर ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। इस आयोजन में RSS के वरिष्ठ पदाधिकारी और कई आमंत्रित वक्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान RSS प्रमुख मोहन भागवत ने “संघ यात्रा के 100 वर्ष – नई दिशाएं” विषय पर आयोजित व्याख्यान श्रृंखला को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि घुसपैठ को लेकर सरकार को काफी काम करना है। घुसपैठियों की पहचान और उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया अब धीरे-धीरे शुरू हुई है और आगे इसे और तेज किया जाएगा।
मोहन भागवत ने कहा कि जनगणना या अन्य प्रक्रियाओं के दौरान कई ऐसे लोग सामने आते हैं जो देश के नागरिक नहीं होते और वे अपने आप ही उस प्रक्रिया से बाहर हो जाते हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि संदिग्ध लोगों की पहचान कर संबंधित अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि देश के नागरिकों को रोजगार दिया जाना चाहिए, जबकि विदेशियों को नहीं।
RSS के इस शताब्दी समारोह में सामाजिक, सांस्कृतिक और फिल्म जगत की बड़ी हस्तियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।





