खेल

टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत ने यूएसए को 29 रनों से हराकर किया शानदार आगाज, सूर्यकुमार ने ठोके 84 रन

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है. टीम इंडिया ने संयुक्त राज्य अमेरिका को 29 रनों से शिकस्त देकर अपनी पहली जीत दर्ज की.

मैच का ब्यौरा

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली अमेरिकी टीम ने भारतीय बल्लेबाजों पर लगाम लगाते हुए उन्हें 20 ओवरों में 161 रनों पर रोक दिया. जवाब में यूएसए की टीम निर्धारित ओवरों में महज 132 रन ही बना सकी और 29 रनों से पराजित हो गई.

कप्तान सूर्या का कमाल

भारतीय पारी में कप्तान सूर्यकुमार यादव की मैच विजेता पारी देखने को मिली. उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रनों की शानदार पारी खेली. सूर्या के अलावा तिलक वर्मा ने 25 और ईशान किशन ने 20 रन का योगदान दिया. हालांकि, अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे खाता तक नहीं खोल सके. अगर कप्तान का बल्ला न चलता तो भारतीय टीम 130-140 रनों के आसपास सिमट सकती थी.

अमेरिकी गेंदबाज शेडली की धमाकेदार गेंदबाजी

यूएसए की ओर से शेडली वैन शाल्कविक ने धमाकेदार प्रदर्शन किया. उन्होंने एक ही ओवर में ईशान किशन, तिलक वर्मा और शिवम दुबे को पवेलियन भेजकर सनसनी मचा दी. शेडली ने 4 ओवरों में केवल 25 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए. हरमीत सिंह ने भी दो विकेट चटकाए.

गेंदबाजी में सिराज का जलवा

भारतीय गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज सबसे ज्यादा कामयाब रहे, जिन्होंने 4 ओवरों में मात्र 29 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके. गौरतलब है कि सिराज मूल टीम का हिस्सा नहीं थे, बल्कि चोटिल हर्षित राणा की जगह उन्हें टीम में शामिल किया गया है.

अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी एक विकेट हासिल करने में कामयाब रहे. हार्दिक पांड्या के 4 ओवरों में 34 रन खर्च हुए, जो सबसे महंगे साबित हुए.

टूर्नामेंट में भारत की स्थिति

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यह भारत की पहली जीत है. इससे पहले पाकिस्तान और वेस्टइंडीज भी अपने पहले मैच जीत चुके हैं. भारतीय टीम इस शानदार जीत के साथ आगे के मुकाबलों के लिए आत्मविश्वास से भरी नजर आ रही है.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button