PAK vs Netherlands: लड़खड़ाते हुए जीत की दहलीज पर पहुंचा पाकिस्तान, नीदरलैंड को 3 विकेट से हराया

T20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को हराया, लेकिन जीत आसान नहीं रही
कोलंबो में आज T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप A के रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स के खिलाफ़ अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की. हालाँकि, यह जीत उतनी आसान नहीं थी जितनी उम्मीद की जा रही थी. 148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम मुश्किल में फंस गई जब 7 खिलाड़ी पवेलियन लौट चुके थे और आखिरी 10 गेंदों में 21 रन की दरकार थी. लेकिन नीदरलैंड्स ने फहीम अशरफ का अहम कैच टपकाया और इस गलती ने पाकिस्तान को जीत दिला दी.
148 रनों का लक्ष्य कोलंबो की पिच को देखते हुए आसान लग रहा था पर हुआ इसका एक दम उल्टा. नीदरलैंड्स के गेंदबाजों ने पाकिस्तान को एक एक रन बनाने के लिए जूझने पर मजबूर कर दिया. 100 रन पर आधी टीम पवेलिएन लौट चुकी था. एक समय पाकिस्तान को दो ओवर में 29 रन बनाने थे और 3 विकेट हाथ में थे. वो तो भला हो फहीम अशरफ का जिसके तीन छक्कों ने पाकिस्तान की इज्जत बचा ली.
नीदरलैंड्स की बल्लेबाजी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम 19.5 ओवरों में 147 रन पर ऑलआउट हो गई. शुरुआत माइकल लेविट और मैक्स ओ’डॉउड ने अच्छी की, जिन्होंने 3.1 ओवरों में 28 रन की साझेदारी की. ओ’डॉउड 7 गेंदों में 1 चौके की मदद से 5 रन बनाकर आउट हुए, जबकि लेविट ने 15 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 24 रन का योगदान दिया.
31 रन के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाज़ आउट हो चुके थे. इसके बाद बास डी लीडे और कॉलिन एकरमैन ने तीसरे विकेट के लिए 22 गेंदों में 34 रन जोड़कर टीम को संभाला. एकरमैन 14 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए. बास डी लीडे ने कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के साथ चौथे विकेट के लिए 28 गेंदों में 40 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम को 100 के पार पहुँचाया. लीडे ने 25 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 30 रन बनाए.
एडवर्ड्स ने जैक लायन कैशेट के साथ पाँचवें विकेट के लिए 22 रन जोड़े और टीम को 127 तक पहुँचाया, लेकिन इसके बाद नीदरलैंड्स नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही. कप्तान एडवर्ड्स ने 29 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 37 रन की शानदार पारी खेली. निचले क्रम में आर्यन दत्त ने 8 गेंदों में 13 रन की तेज़ पारी खेली.
पाकिस्तान की गेंदबाजी
पाकिस्तान के लिए सलमान मिर्जा सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 3.5 ओवरों में 24 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. अबरार अहमद, मोहम्मद नवाज़ और सईम अयूब ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि शाहीन अफरीदी को 1 विकेट मिला.
पाकिस्तान ने यह मुकाबला जीत लिया, लेकिन नीदरलैंड्स ने साबित कर दिया कि वे कोई आसान प्रतिद्वंद्वी नहीं हैं.





