Fraud and Scam

हल्द्वानी में करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

जनता को अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का नैनीताल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने प्रेस वार्ता में खुद इस खुलासे की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, रामनगर कोतवाली में 13 जून 2023 को शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया था। पीड़ित ने बताया कि साल 2017 में आरोपियों ने “देवभूमि बहुउद्देशीय स्वायत्त सहकारिता” नाम की संस्था हल्द्वानी (कपिल कॉम्प्लेक्स, मुखानी) और रामनगर में खोली थी।

आरोपियों ने उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल के लोगों से अधिक ब्याज का लालच देकर निवेश कराया। कुछ समय बाद आरोपी दोनों कार्यालय बंद कर फरार हो गए।

जांच में सामने आया कि संस्था के अध्यक्ष हेमचंद पंत और सचिव विकास दुर्गापाल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर करीब 6 करोड़ 80 लाख रुपये जमा किए और गबन कर भाग गए। दोनों शाखाएं बंद पाई गईं और आरोपियों के खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन के प्रमाण मिले।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ में भी दबिश दी, लेकिन दोनों लगातार अपना ठिकाना बदलते रहे। आखिरकार मुखबिर तंत्र और अन्य इनपुट की मदद से पुलिस ने 4 फरवरी 2026 को नैनीताल के लाल कुआं क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अन्य थानों में भी धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह में शामिल अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच जारी है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button