विदेश

नेपाल चुनाव से पहले कैबिनेट में हलचल, चार मंत्रियों ने इस्तीफा देकर दाखिल किया नामांकन

नेपाल में 5 मार्च को होने वाले आम चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। कार्यवाहक प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की अंतरिम कैबिनेट के चार मंत्रियों ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा देकर चुनाव लड़ने के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। विज्ञान और शिक्षा मंत्री महाबीर पुन ने मंगलवार (20 जनवरी 2026) को अपने पद से इस्तीफा देने के बाद म्याग्दी जिले से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन किया है।

इससे एक दिन पहले, सोमवार (19 जनवरी 2026) को संचार मंत्री जगदीश खरेल और खेल मंत्री बाबलू गुप्ता ने भी मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। जगदीश खरेल ने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की ओर से ललितपुर-2 सीट से नामांकन दाखिल किया है, जबकि बाबलू गुप्ता ने सिराहा-1 निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है।

इसके अलावा, ऊर्जा और जल संसाधन मंत्री कुलमान घिसिंग कुछ हफ्ते पहले अपने पद से इस्तीफा देकर उज्यालो नेपाल पार्टी के अध्यक्ष बने थे। उन्होंने मंगलवार (20 जनवरी 2026) को काठमांडू निर्वाचन क्षेत्र संख्या-3 से अपना नामांकन दाखिल किया।

नेपाल में यह आम चुनाव उस समय हो रहा है, जब पूर्व प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने 9 सितंबर 2025 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनकी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर युवाओं, खासकर जेन-जेड समूह के हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए थे।

इसके बाद 12 सितंबर को 73 वर्षीय सुशीला कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री बनाया गया। उनकी सिफारिश पर राष्ट्रपति ने प्रतिनिधि सभा को भंग कर आम चुनाव की तारीख की घोषणा की। चुनाव आयोग के अनुसार, इस आम चुनाव में कुल 1 करोड़ 89 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 92 लाख 40 हजार से ज्यादा महिला मतदाता शामिल हैं।

नेपाल में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है और सभी राजनीतिक दलों के साथ-साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी जनता का समर्थन जुटाने में जुटे हुए हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button