अटलांटिक महासागर में फंसे क्रूज शिप पर Hantavirus का खतरा, 2 भारतीय क्रू मेंबर भी मौजूद

अटलांटिक महासागर में खड़े डच क्रूज शिप MV Hondius पर फैले हंटावायरस संक्रमण ने अंतरराष्ट्रीय चिंता बढ़ा दी है। जहाज पर मौजूद 149 यात्रियों और क्रू मेंबरों में से दो भारतीय भी शामिल हैं। अब तक इस संक्रमण से तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
केप वर्डे के पास रुका हुआ है जहाज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, MV Hondius फिलहाल अटलांटिक महासागर में केप वर्डे के पास लंगर डाले खड़ा है। जहाज को Oceanwide Expeditions ऑपरेट करती है।
कंपनी ने पुष्टि की है कि जहाज पर मौजूद क्रू मेंबरों में दो भारतीय भी हैं, हालांकि उनकी पहचान और स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी साझा नहीं की गई है।
तीन यात्रियों की हो चुकी है मौत
इस संक्रमण से अब तक एक डच दंपति और एक जर्मन यात्री की मौत हो चुकी है। वहीं एक गंभीर मरीज को इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया गया है। कई अन्य यात्रियों को मेडिकल निगरानी में रखा गया है।
क्या है हंटावायरस?
Hantavirus एक दुर्लभ लेकिन खतरनाक वायरस है, जो आमतौर पर संक्रमित चूहों, उनकी लार, पेशाब या मल के संपर्क में आने से फैलता है। स्वास्थ्य अधिकारियों को शक है कि इस मामले में एंडीज वायरस स्ट्रेन शामिल हो सकता है, जो इंसानों के बीच भी फैल सकता है।
यात्रा के दौरान दिखे थे लक्षण
World Health Organization के अनुसार, 2 मई को जहाज पर कई यात्रियों में गंभीर सांस संबंधी लक्षण दिखाई देने शुरू हुए थे। जांच एजेंसियों का मानना है कि कुछ यात्री अर्जेंटीना और चिली यात्रा के दौरान पहले ही संक्रमित हो चुके थे।
यात्रियों ने लगाए लापरवाही के आरोप
एक यात्री ने आरोप लगाया कि संक्रमण सामने आने के बाद भी जहाज पर तुरंत सुरक्षा उपाय लागू नहीं किए गए। आरोप है कि लोग बिना मास्क और आइसोलेशन के साथ खाना खाते रहे।
वहीं जहाज के कप्तान का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें उन्होंने यात्रियों को पहली मौत की जानकारी दी थी।
बढ़ी अंतरराष्ट्रीय चिंता
जहाज पर ब्रिटेन, अमेरिका, जर्मनी, स्पेन समेत 23 देशों के यात्री और क्रू सदस्य मौजूद हैं। ऐसे में स्वास्थ्य एजेंसियां अब संक्रमण के फैलाव पर नजर बनाए हुए हैं।





