संजय दत्त की फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का ट्रेलर रिलीज, दमदार अंदाज में उठाए गए कई बड़े मुद्दे

बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त एक बार फिर अपनी नई फिल्म ‘आखिरी सवाल’ को लेकर चर्चा में हैं। उनकी यह फिल्म जल्द सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जिसे देखने के बाद फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।
करीब 2 मिनट 54 सेकेंड लंबे ट्रेलर में संजय दत्त एक प्रोफेसर के किरदार में नजर आ रहे हैं। उनका किरदार शांत, समझदार और बातचीत के जरिए अपनी बात रखने वाला दिखाया गया है। वहीं, फिल्म में समीरा रेड्डी और नमाशी चक्रवर्ती भी अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं।
View this post on Instagram
ट्रेलर में दिखाया गया है कि नमाशी चक्रवर्ती देश से जुड़े कई बड़े और संवेदनशील मुद्दों पर संजय दत्त से सवाल करते हैं। कहानी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ी कई ऐतिहासिक घटनाओं को भी शामिल किया गया है। फिल्म के ट्रेलर में महात्मा गांधी की हत्या, बाबरी मस्जिद विध्वंस और इमरजेंसी जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए गए हैं। हालांकि, ट्रेलर में इन सवालों के जवाब नहीं दिखाए गए हैं, जिससे साफ है कि फिल्म की कहानी इन्हीं मुद्दों के इर्द-गिर्द आगे बढ़ेगी।
इस फिल्म से अभिनेत्री समीरा रेड्डी लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। ट्रेलर में अमित साध, नीतू चंद्रा और त्रिधा चौधरी भी नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन अभिजीत मोहन वारंग ने किया है, जबकि इसके निर्माता निखिल नंदा और संजय दत्त हैं। ‘आखिरी सवाल’ 15 मई 2026 को हिंदी, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।





