नासिक TCS लिंक्ड केस में बड़ी गिरफ्तारी, 25 दिन से फरार नीदा खान पकड़ी गई

महाराष्ट्र के नासिक में चर्चित Tata Consultancy Services (TCS) लिंक्ड BPO यूनिट से जुड़े यौन उत्पीड़न और कथित धर्म परिवर्तन मामले में मुख्य आरोपी नीदा खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह पिछले करीब 25 दिनों से फरार चल रही थी।
छत्रपति संभाजीनगर से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार नीदा खान को छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) काफी समय से उसकी तलाश कर रहा था।
क्या हैं आरोप?
जांच एजेंसियों के मुताबिक, नीदा खान पर धार्मिक भावनाएं भड़काने, पीड़ित महिलाओं को इस्लाम अपनाने के लिए दबाव डालने और अन्य आरोपियों की मदद करने के आरोप हैं।
SIT ने कोर्ट को बताया कि आरोपी महिलाओं को हिजाब और बुर्का पहनने के लिए प्रेरित करती थी। साथ ही धार्मिक कंटेंट और मोबाइल एप भी शेयर किए जाते थे।
कोर्ट ने खारिज की थी अग्रिम जमानत
नीदा खान ने पहले नासिक कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत ने उसे खारिज कर दिया। अभियोजन पक्ष ने कहा था कि डिजिटल सबूतों और अन्य आरोपियों से जुड़े लिंक की जांच के लिए पूछताछ जरूरी है।
कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज
इस पूरे मामले में महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न, पीछा करने, अश्लील टिप्पणी और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अब तक कई आरोपियों के खिलाफ 9 FIR दर्ज की जा चुकी हैं।
इन आरोपियों में दानिश शेख, तौसीफ अत्तर, रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, शफी शेख और आसिफ अंसारी समेत कई नाम शामिल हैं।
जांच में सामने आए दूसरे राज्यों और विदेश कनेक्शन
SIT का दावा है कि जांच के दौरान मालेगांव और मलेशिया तक संभावित लिंक सामने आए हैं। पुलिस डिजिटल डेटा, चैट रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच कर रही है।
TCS ने क्या कहा?
Tata Consultancy Services ने कहा है कि कंपनी को POSH चैनल के जरिए कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली थी। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक आंतरिक जांच समिति बनाई गई है और स्वतंत्र विशेषज्ञों को भी शामिल किया गया है।





