पूर्वोत्तर के तीन राज्यों का स्थापना दिवस, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

आज पूर्वोत्तर भारत के तीन राज्यों के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा के लोगों की सराहना करते हुए उनके योगदान को देश के विकास के लिए अहम बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने मणिपुर के लोगों की मेहनत और समर्पण की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मणिपुर के लोग अपनी कड़ी मेहनत से भारत की प्रगति में लगातार योगदान दे रहे हैं। पीएम ने भरोसा जताया कि राज्य आने वाले समय में विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने मणिपुर के खेलों के प्रति जुनून, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति से जुड़े जीवन को भी खास बताया।
मेघालय के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता ने देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि मेघालय की सांस्कृतिक विविधता और प्राकृतिक सुंदरता की पूरे देश में सराहना होती है। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि मेघालय भविष्य में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
त्रिपुरा के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह राज्य परंपरा और आधुनिकता का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा ने पिछले कुछ वर्षों में कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और यहां के लोग भारत की विकास यात्रा को नई गति दे रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कामना की कि त्रिपुरा आने वाले समय में और अधिक समृद्ध बने।
प्रधानमंत्री के संदेश के साथ ही तीनों राज्यों में स्थापना दिवस को लेकर उत्साह और उत्सव का माहौल देखा गया।





