कांग्रेस शासन में असम में बढ़ी घुसपैठ, जंगलों और जमीन पर हुआ अतिक्रमण: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (18 जनवरी, 2026) को असम के कालियाबोर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में वोट बैंक की राजनीति के लिए असम की जमीन घुसपैठियों को सौंप दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लंबे शासन के दौरान असम में घुसपैठ लगातार बढ़ती रही। अवैध प्रवासियों ने जंगलों, वन्यजीव गलियारों और राज्य की पारंपरिक संस्थाओं पर अतिक्रमण किया, जिससे असम की पहचान और संस्कृति को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार असम की पहचान और संस्कृति की रक्षा कर रही है और अवैध रूप से जमीन पर कब्जा करने वाले घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस अब लोगों का भरोसा खो चुकी है क्योंकि वह नकारात्मक राजनीति का संदेश देती है। उन्होंने दावा किया कि आज भाजपा देश के मतदाताओं की पहली पसंद बन चुकी है।
उन्होंने बिहार चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि 20 साल सत्ता में रहने के बाद भी भाजपा को वहां रिकॉर्ड वोट और सीटें मिलीं। इसके अलावा महाराष्ट्र के निकाय चुनावों में भी जनता ने भाजपा को समर्थन दिया है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि केरल में भी अब भाजपा का मेयर है, जो पार्टी के बढ़ते जनाधार को दिखाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जनता भाजपा पर सुशासन और विकास के लिए भरोसा करती है और यही भरोसा पार्टी की लगातार बढ़ती ताकत का कारण है।




