बांग्लादेश: गाज़ीपुर में हिंदू व्यापारी की हत्या, एक ही परिवार के तीन लोग हिरासत में

बांग्लादेश के गाज़ीपुर जिले में शनिवार (17 जनवरी, 2026) को एक मामूली विवाद के बाद एक हिंदू कारोबारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना कालिगंज इलाके में हुई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मृतक की पहचान 55 वर्षीय लिटन चंद्र घोष के रूप में हुई है, जो ‘बैशाखी स्वीटमीट एंड होटल’ के मालिक थे।
अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह घटना बांग्लादेश में हाल के दिनों में हिंदुओं के खिलाफ हुई हिंसा की घटनाओं से जुड़ी है या नहीं। कालिगंज थाने के प्रभारी (ओसी) ज़ाकिर हुसैन ने बताया कि हत्या के मामले में एक ही परिवार के तीन लोगों—स्वपन मिया (55), उनकी पत्नी मजेदा खातून (45) और बेटे मासूम मिया (28)—को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मासूम मिया की केले की एक बागान है, जहां से केले का एक गुच्छा गायब हो गया था। तलाश के दौरान उसने वही केले लिटन घोष के होटल में देखे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
पुलिस का कहना है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने लिटन घोष को मुक्कों और लातों से पीटा, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। लिटन के परिवार ने बताया कि मासूम मिया सुबह करीब 11 बजे होटल में आया था और पहले होटल के एक कर्मचारी से किसी छोटी बात को लेकर झगड़ा हुआ। बाद में उसके माता-पिता भी वहां पहुंच गए और मामला हिंसक हो गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पूछताछ की जा रही है।





