मिचेल-फिलिप्स के शतकों से न्यूजीलैंड का धमाका, भारत को मिला 338 रनों का लक्ष्य

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज अब अपने रोमांचक आखिरी मोड़ पर पहुंच गई है। सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला रविवार को इंदौर में खेला जा रहा है। दोनों टीमों ने अब तक एक-एक मैच जीता है, ऐसे में यह मुकाबला सीरीज जीतने के लिहाज से बेहद अहम हो गया है।
डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के शतकों की बदौलत न्यूज़ीलैंड ने भारत के सामने 338 रनों का लक्ष्य रखा। मिचेल ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए इस सीरीज़ का लगातार दूसरा शतक जड़ा और 131 गेंदों पर 137 रन की दमदार पारी खेली। वहीं, ग्लेन फिलिप्स ने 88 गेंदों में ताबड़तोड़ 106 रन बनाए।
दोनों बल्लेबाज़ों के बीच 188 गेंदों में 219 रनों की विशाल साझेदारी हुई, जिसकी मदद से न्यूज़ीलैंड की टीम एक समय 5 रन पर 2 विकेट गंवाने के बावजूद 8 विकेट पर 337 रन का मजबूत स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
अब सभी की निगाहें इस निर्णायक मुकाबले पर टिकी हैं, जहां जो भी टीम जीत दर्ज करेगी, वही वनडे सीरीज अपने नाम करेगी।





