कोहली ने रचा इतिहास, 624 पारियों में पूरे किए 28 हजार अंतरराष्ट्रीय रन

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के सबसे तेज बल्लेबाज़ बन गए हैं। उन्होंने यह मुकाम 624 पारियों में हासिल किया और इस मामले में सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
कोहली ने यह उपलब्धि वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले जा रहे भारत-न्यूजीलैंड पहले वनडे मैच के दौरान हासिल की। भारत को 301 रन का लक्ष्य मिला था और कोहली को इस रिकॉर्ड के लिए 25 रनों की जरूरत थी। उन्होंने पारी के 13वें ओवर में अपना 28,000वां अंतरराष्ट्रीय रन पूरा किया।
इससे पहले सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर के दौरान 28,000 रन पूरे करने के लिए 644 पारियां ली थीं, जबकि श्रीलंका के कुमार संगकारा को इस आंकड़े तक पहुंचने में 666 पारियां लगी थीं। कोहली के करियर पर नजर डालें तो उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 123 मैचों में 9,230 रन, टी20 इंटरनेशनल में 125 मैचों में 4,188 रन और वनडे क्रिकेट में अब तक 309 मैचों में 14,583 से ज्यादा रन बनाए हैं।
रोहित शर्मा ने लगाए 650 छक्के, बने दुनिया के पहले बल्लेबाज़
वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी रविवार (11 जनवरी) को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। रोहित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 650 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज़ बन गए हैं। यह रिकॉर्ड उन्होंने भारत-न्यूजीलैंड पहले वनडे मैच के दौरान हासिल किया। वडोदरा में खेले जा रहे मुकाबले में 301 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित ने सातवें ओवर की तीसरी गेंद पर अपना 650वां छक्का जड़ा।
रोहित शर्मा पहले ही वनडे, टी20 और कुल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने टेस्ट करियर में 67 मैचों में 88 छक्के, टी20 इंटरनेशनल में 159 मैचों में 205 छक्के और वनडे क्रिकेट में अब तक 280 मैचों में 357 छक्के लगाए हैं। इस सूची में वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज़ क्रिस गेल दूसरे स्थान पर हैं, जबकि पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी तीसरे नंबर पर मौजूद हैं।
इन दोनों भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने एक बार फिर दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट की ताकत को साबित कर दिया है।





