विदेश

अमेरिका में भारतीय महिला की हत्या, पूर्व बॉयफ्रेंड पर मर्डर का आरोप

अमेरिका के मैरीलैंड में रहने वाली 27 वर्षीय भारतीय महिला निकिता राव गोदिशाला की एक घर के अंदर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इस मामले में अमेरिकी पुलिस ने उसके पूर्व बॉयफ्रेंड अर्जुन शर्मा (26) पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, अर्जुन शर्मा ने 2 जनवरी को निकिता के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने दावा किया था कि उसने निकिता को आखिरी बार 31 दिसंबर की रात अपने मैरीलैंड स्थित अपार्टमेंट में देखा था। शिकायत दर्ज कराने के कुछ ही समय बाद अर्जुन अमेरिका छोड़कर भारत चला गया। इसके अगले दिन यानी 3 जनवरी को जब पुलिस ने उसी घर की तलाशी ली, तो निकिता का शव वहीं से बरामद हुआ। जांच एजेंसियों का मानना है कि हत्या 31 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे के बाद की गई।

शव मिलने के बाद पुलिस ने अर्जुन शर्मा के खिलाफ फर्स्ट डिग्री और सेकेंड डिग्री मर्डर के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से भी मदद ली जा रही है। हालांकि, जांच जारी होने के कारण फिलहाल हत्या के तरीके को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है।

निकिता गोदिशाला मैरीलैंड के कोलंबिया शहर में स्थित Vheda Health नाम की कंपनी में डेटा और स्ट्रैटेजी एनालिस्ट के तौर पर काम कर रही थीं। उन्होंने फरवरी 2025 में कंपनी जॉइन की थी और एक साल के भीतर ही अपने बेहतरीन काम के लिए उन्हें कंपनी का ‘ऑल-इन अवॉर्ड’ मिला था। लिंक्डइन पर इस उपलब्धि को साझा करते हुए निकिता ने लिखा था कि वह आने वाले समय में भी पूरी ईमानदारी, रचनात्मकता और उद्देश्य के साथ काम करती रहेंगी।

इससे पहले वह मैनेजमेंट साइंसेज फॉर हेल्थ में डेटा एनालिसिस और विज़ुअलाइज़ेशन स्पेशलिस्ट के रूप में काम कर चुकी थीं। अमेरिका में अपने शुरुआती करियर के दौरान वह यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड, बाल्टीमोर काउंटी (UMBC) से भी जुड़ी रही थीं।

निकिता मूल रूप से भारत की रहने वाली थीं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (KIMS) हॉस्पिटल्स से की थी, जहां वह एक साल से ज्यादा समय तक क्लिनिकल फार्मासिस्ट इंटर्न रहीं। इसके बाद उन्होंने करीब दो साल तक क्लिनिकल डेटा स्पेशलिस्ट के रूप में काम किया।

उन्होंने 2015 से 2021 के बीच जवाहरलाल नेहरू टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से फार्मेसी की पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई और करियर को बेहतर बनाने के लिए वह अमेरिका गईं, जहां उन्होंने UMBC से हेल्थ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में मास्टर्स डिग्री हासिल की।

निकिता अंग्रेजी, हिंदी और तेलुगु भाषाओं में पारंगत थीं। वह डेटा के जरिए हेल्थकेयर सिस्टम को मजबूत बनाने और मरीजों की देखभाल बेहतर करने को लेकर बेहद जुनूनी थीं। दोस्त और सहकर्मी उन्हें एक मेहनती, होनहार और उज्ज्वल भविष्य वाली युवती के रूप में याद कर रहे हैं।

फिलहाल अमेरिकी पुलिस इस हत्याकांड की गहन जांच कर रही है और आरोपी अर्जुन शर्मा की गिरफ्तारी का इंतजार किया जा रहा है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button