ताज़ा खबरें

देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड, IMD ने जारी की शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी

नई दिल्ली, 5 जनवरी 2026: नए साल के पहले सप्ताह में मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. उत्तर और मध्य भारत में लोगों का प्रचंड ठंड से बुरा हाल है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज, 5 जनवरी 2026 के लिए उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड, घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की है. मैदानी इलाकों में जहां लोग ठिठुरने को मजबूर हैं, वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर शुरू होने वाला है.

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी ठंड की तीव्रता

दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर पश्चिम भारत के अन्य राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने की वजह से ठंड बढ़ाने वाली पछुआ पवनें मैदानी इलाकों में असर दिखा रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते दिल्ली एनसीआर के पारे में और भी गिरावट दर्ज होने की संभावना है. न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होगी.

वहीं, एक्यूआई में कमी होने की वजह से ग्रैप-3 में छूट दे दी गई है यानी कि एनसीआर में कमर्शियल वाहनों की एंट्री और कंस्ट्रक्शन के कार्यों पर रोक नहीं होगी.

पंजाब-राजस्थान में शीतलहर का प्रकोप

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में आज से 7 जनवरी यानी कि बुधवार तक गंभीर शीतलहर चलने की संभावना है. पश्चिमी राजस्थान में 5 से 9 जनवरी और पूर्वी राजस्थान में 5 से 10 जनवरी तक शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा. इसके अलावा, झारखंड के कुछ हिस्सों में भी 6 और 7 जनवरी को शीतलहर की स्थिति बनने के आसार हैं.

घने कोहरे से प्रभावित होगा यातायात

तापमान में गिरावट के साथ-साथ कोहरे ने भी जनजीवन को प्रभावित किया है. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 7 जनवरी तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 जनवरी तक और मध्य प्रदेश व ओडिशा में 6 जनवरी तक घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है.

पहाड़ों पर बर्फबारी और ग्राउंड फ्रॉस्ट का अलर्ट

मैदानों की सूखी ठंड के विपरीत, पहाड़ों पर मौसम सुहावना लेकिन बेहद ठंडा होने वाला है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और मुजफ्फराबाद में 5 और 6 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 5-6 जनवरी और उत्तराखंड में 6 जनवरी को बर्फबारी का पूर्वानुमान है. उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 5 और 6 जनवरी को ग्राउंड फ्रॉस्ट यानी पाला पड़ने की भी चेतावनी जारी की गई है, जो फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकता है.

तापमान में और गिरावट संभव

अगले 3 दिनों के दौरान मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है. हालांकि, गुजरात के लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है, जहां अगले 5 दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.

इधर, मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में हलचल की वजह से तमिलनाडु में बारिश की चेतावनी जारी की है.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button