ओडिशा के ढेंकनाल में पत्थर खदान में धमाका, कई मजदूर फंसे

ओडिशा के ढेंकनाल ज़िले में शनिवार देर रात एक पत्थर खदान में धमाका हो गया, जिससे खदान में कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में कई मजदूरों की मौत की भी संभावना बताई जा रही है। घटना के बाद से इलाके में राहत और बचाव कार्य जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह धमाका ढेंकनाल के गोपालपुर इलाके में स्थित एक अवैध पत्थर खदान में हुआ। हालांकि, अब तक इस मामले में सरकारी अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि खदान में कितने मजदूर फंसे हुए हैं और उनकी स्थिति क्या है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खदान में विस्फोट के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी और वहां अवैध रूप से खनन किया जा रहा था। बचाव कार्य में स्थानीय अग्निशमन दल, ओडिशा आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ODRAF) की टीमें, डॉग स्क्वायड और विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
ढेंकनाल के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि ढेंकनाल में खदान हादसे में मजदूरों के फंसे होने की खबर बेहद चिंताजनक है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
नवीन पटनायक ने इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है और सरकार से मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने की अपील की है।





