डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को फिर 40 दिन की पैरोल

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर 40 दिन की पैरोल दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, यह पैरोल रविवार (4 जनवरी, 2026) को मंज़ूर की गई। वह इस समय हरियाणा के रोहतक स्थित सुनारिया जेल में बंद है। गुरमीत राम रहीम सिंह दो शिष्याओं के साथ बलात्कार के मामले में 20 साल की सज़ा काट रहा है। उसे साल 2017 में दोषी ठहराया गया था। इससे पहले भी अगस्त 2025 में उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी।
डेरा प्रमुख को पैरोल और फरलो कई बार दी जा चुकी है। अप्रैल 2025 में उसे 21 दिन की फरलो मिली थी, जबकि जनवरी 2025 में दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले 30 दिन की पैरोल दी गई थी। इसी तरह, 1 अक्टूबर 2024 को उसे 20 दिन की पैरोल दी गई थी, जो हरियाणा विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले थी।
इसके अलावा, अगस्त 2024 में उसे 21 दिन की फरलो दी गई थी। इससे पहले फरवरी 2022 में भी उसे तीन हफ्ते की फरलो मिली थी, जो पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले दी गई थी। साल 2017 में सजा सुनाए जाने के बाद से अब तक गुरमीत राम रहीम सिंह 14 बार जेल से बाहर आ चुका है।
गौरतलब है कि डेरा प्रमुख और उसके तीन साथियों को 2019 में एक पत्रकार की हत्या के मामले में भी दोषी ठहराया गया था, जो करीब 16 साल पुराना मामला था। गुरमीत राम रहीम को बार-बार दी जा रही राहत को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) समेत कई सिख संगठनों ने पहले भी आपत्ति जताई है।
पैरोल के दौरान, अधिकतर मौकों पर गुरमीत राम रहीम उत्तर प्रदेश के बागपत ज़िले में स्थित डेरा आश्रम में ही रहा है।
सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और अन्य राज्यों में बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, कैथल और हिसार जिलों में डेरा का खासा प्रभाव माना जाता है।





