AI साइंस-टेक्नोलॉजीभारत

एआई और ऑटोमेशन जीवन को बदल रहे, सोचने की क्षमता कमजोर न होने दें: उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को युवाओं और नए स्नातकों से अपील की कि वे डिजिटल तकनीक का जिम्मेदार और सकारात्मक उपयोग करते हुए देश के विकास में योगदान दें। वह पांडिचेरी केंद्रीय विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित 30वें वार्षिक दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे।

अपने संबोधन में उपराष्ट्रपति ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेशन, जैव प्रौद्योगिकी और डिजिटल कनेक्टिविटी तेजी से मानव जीवन के हर क्षेत्र को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षित नागरिकों के रूप में युवाओं को तकनीक का इस्तेमाल उत्साह के साथ-साथ नैतिक जिम्मेदारी और विवेक के साथ करना चाहिए। पांडिचेरी विश्वविद्यालय के पदेन कुलाधिपति के रूप में राधाकृष्णन ने कहा कि डिजिटल तकनीक राष्ट्रीय विकास का साधन बने, न कि गहन सोच और विश्लेषण क्षमता को कमजोर करने वाला माध्यम।

उपराष्ट्रपति ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील दोहराते हुए कहा कि उन्हें न केवल स्वयं इससे बचना चाहिए, बल्कि अपने मित्रों को भी नशे की लत से दूर रखने में मदद करनी चाहिए। उन्होंने छात्रों को समय प्रबंधन के महत्व पर भी जोर दिया और इसे सफल जीवन की कुंजी बताया।

राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए इसे देश के समग्र विकास का रोडमैप बताया। उन्होंने कहा कि विकास समावेशी होना चाहिए, जिसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो। उपराष्ट्रपति ने युवाओं को सामाजिक और राष्ट्रीय विकास का दूत बताते हुए कहा कि शिक्षा सभी का मौलिक अधिकार है, न कि किसी विशेष वर्ग का विशेषाधिकार। उन्होंने छात्रों से जीवन की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास और धैर्य के साथ करने का आह्वान भी किया।

इससे पहले केरल में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सह-अस्तित्व की भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि त्योहार सामाजिक एकता को मजबूत करने और समावेशी विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जो ‘विकसित भारत’ की अवधारणा के अनुरूप है।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन दक्षिण केरल डायोसिस, चर्च ऑफ साउथ इंडिया और असेंबली ऑफ क्रिश्चियन ट्रस्ट सर्विसेज के सहयोग से आयोजित ‘त्रिवेंद्रम फेस्ट 2025’ को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ईसाई समुदाय के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस समुदाय ने हमेशा आधुनिकता और आर्थिक विकास के प्रति सकारात्मक और दूरदर्शी दृष्टिकोण अपनाया है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button