खेल

मेलबर्न में इंग्लैंड की ऐतिहासिक जीत, 15 साल के सूखे का अंत

मेलबर्न, 27 दिसंबर – एशेज सीरीज 2025-26 के चौथे टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से शिकस्त देकर 15 साल पुराना सूखा खत्म कर दिया है. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट में मेहमान टीम ने ऐतिहासिक जीत हासिल की. आखिरी बार इंग्लैंड ने 2010 में ऑस्ट्रेलिया की धरती पर बॉक्सिंग डे टेस्ट में जीत दर्ज की थी.

गेंदबाजों का रहा दबदबा

मेलबर्न की गेंदबाजों के अनुकूल पिच पर केवल दो दिन में 30 विकेट गिरने का नजारा देखने को मिला. कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो बिल्कुल सही साबित हुआ. इंग्लैंड के गेंदबाजों ने खेल के पहले ही दिन ऑस्ट्रेलिया को महज 152 रन पर समेट दिया. इस पारी में क्रिस वोक्स ने 5 विकेट लिए, जबकि गस एटकिंसन ने 2 विकेट अपने नाम किए.

हालांकि, इंग्लैंड की बल्लेबाजी भी संघर्ष करती नजर आई. 29.5 ओवर में टीम सिर्फ 110 रन बनाकर ढेर हो गई. हैरी ब्रूक ने 41 रन बनाकर सर्वाधिक योगदान दिया, जबकि निचले क्रम में गस एटकिंसन ने 28 रन जोड़े. ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 42 रन की बढ़त मिली. मेजबान टीम के लिए माइकल नेसर ने 4, स्कॉट बोलेंड ने 3 और मिचेल स्टार्क ने 2 विकेट लिए.

दूसरे दिन का रोमांचक क्रिकेट

दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी भी 34.3 ओवर में 132 रन पर सिमट गई. ट्रेविस हेड ने 67 गेंद पर 46 रन बनाकर सर्वाधिक योगदान दिया. स्टीव स्मिथ ने 24 और कैमरन ग्रीन ने 16 रन जोड़े. इंग्लैंड के ब्रायडन कार्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए.

175 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने भी संघर्ष किया, लेकिन 33.3 ओवर में 6 विकेट खोकर 178 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया. जैकब बेथल ने 40 रन की सर्वाधिक पारी खेली. जैक क्राउली ने 37 और बेन डकेट ने 34 रन बनाए.

सीरीज में सिर्फ प्रतिष्ठा की जीत

हालांकि, यह जीत इंग्लैंड की सिर्फ प्रतिष्ठा बचाने वाली साबित हुई है, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया पहले तीन मैच जीतकर पहले ही सीरीज पर 3-0 की अजेय बढ़त बना चुका है. यह सीरीज में इंग्लैंड की पहली और एकमात्र जीत है.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button