19 साल के अमेज़न अनुभव के बाद आनंद वरदराजन बने स्टारबक्स के CTO

अंतरराष्ट्रीय कॉफी चेन स्टारबक्स ने भारतीय मूल के तकनीक विशेषज्ञ आनंद वरदराजन को अपनी नई कार्यकारी उपाध्यक्ष और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) नियुक्त किया है। वरदराजन के पास अमेज़न में लगभग दो दशक का अनुभव है और वे अब स्टारबक्स के वैश्विक तकनीकी संचालन का नेतृत्व करेंगे।
स्टारबक्स के अनुसार, वरदराजन 19 जनवरी से अपना कार्यभार संभालेंगे और कंपनी की एक्जीक्यूटिव लीडरशिप टीम का हिस्सा बनेंगे। वे सीधे सीईओ ब्रायन निकोल को रिपोर्ट करेंगे। आनंद वरदराजन डेब हॉल लेफेवरे का स्थान लेंगे, जो सितंबर में सेवानिवृत्त हो गई थीं।
वरदराजन ने अमेज़न में लगभग 19 साल काम किया, जहाँ उन्होंने ग्राहक-केंद्रित बड़े तकनीकी प्लेटफॉर्म्स बनाने में योगदान दिया। हाल ही में उन्होंने अमेज़न के Worldwide Grocery Stores बिजनेस में टेक्नोलॉजी और सप्लाई चेन का नेतृत्व किया। इसके पहले वे Oracle में सॉफ़्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम कर चुके हैं और कई स्टार्टअप्स में भी जुड़े रहे।
स्टारबक्स ने बताया कि वरदराजन के पास सुरक्षित और भरोसेमंद सिस्टम बनाने और तकनीक के माध्यम से ऑपरेशनल एक्सीलेंस को बढ़ाने का गहरा अनुभव है, जिसमें हमेशा ग्राहकों को केंद्र में रखा जाता है। आनंद वरदराजन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) के पूर्व छात्र हैं। उनके पास पर्ड्यू यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री और यूनिवर्सिटी ऑफ वॉशिंगटन से कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री है।
स्टारबक्स का कहना है कि वरदराजन की नियुक्ति से कंपनी की तकनीकी पहल और डिजिटल क्षमताओं को तेज़ी से बढ़ावा मिलेगा और वैश्विक स्तर पर व्यवसाय को मजबूत बनाया जा सकेगा।





