मौसम

दिल्ली में AQI 500 के पार, राजधानी ‘गैस चैंबर’ में तब्दील

नई दिल्ली, 15 दिसंबर 2025 – देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण ने खतरनाक स्तर पार कर लिया है. सोमवार सुबह 6 बजे कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 500 तक पहुंच गया है. अशोक विहार, रोहिणी, जहांगीरपुरी और वजीरपुर में एक्यूआई लेवल 500 दर्ज किया गया है.

राजधानी में आज सुबह औसत एक्यूआई 456 रहा, जो बेहद गंभीर श्रेणी में आता है. दिल्ली स्मॉग की चादर से ढक गई है और विजिबिलिटी 3 मीटर से भी कम है. ठंड बढ़ने के साथ ही वायु गुणवत्ता में लगातार गिरावट आ रही है.

कई इलाकों में AQI 400 से ऊपर

दिल्ली के विभिन्न इलाकों में आज सुबह 6 बजे दर्ज किए गए एक्यूआई स्तर इस प्रकार हैं:

  • आनंद विहार: 493
  • नेहरू नगर: 489
  • ओखला: 483
  • आरके पुरम: 483
  • विवेक विहार: 493

लगभग पूरी दिल्ली में एक्यूआई लेवल 400 से ऊपर पहुंच गया है. हवा की रफ्तार बेहद कम है, जिससे स्थिति और भयावह हो गई है.

लोगों के लिए सांस लेना भी मुश्किल

प्रदूषण के इस खतरनाक स्तर ने लोगों का खुले में सांस लेना मुश्किल बना दिया है. आंखों में जलन और सिर में दर्द से लोग परेशान नजर आ रहे हैं. दिल्ली में ग्रैप-4 लागू होने के बावजूद हालात नियंत्रण में नहीं आ रहे हैं. ऐसी स्थिति में लोग घरों में भी जहरीली हवा का शिकार हो सकते हैं.

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चेतावनी

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने प्रदूषित हवा के लंबे समय तक संपर्क में रहने के कारण लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरों की चेतावनी दी है. स्वास्थ्य विशेषज्ञ शीला यादव ने कहा कि एक्यूआई का स्तर 300 और 400 के बीच रहने तथा कभी-कभी 450 के पार पहुंचने के कारण लोगों को खासकर सुबह के समय बाहर टहलने या व्यायाम करने से बचना चाहिए.

उन्होंने कहा कि शारीरिक गतिविधि को बंद नहीं किया जाना चाहिए, लेकिन इसे घर के अंदर ही करना चाहिए, क्योंकि प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से पीएम2.5 जैसे महीन कण फेफड़ों में गहराई तक प्रवेश कर सकते हैं.

विशेषज्ञों की सलाह

यादव ने लोगों को सलाह दी कि वे केवल आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें. उन्होंने जोर देकर कहा कि सांस लेने वाली गतिविधियों से बचें और शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करने के लिए स्वस्थ आहार, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और मौसमी फलों का सेवन करें.

दिल्ली की स्थिति इस समय किसी ‘गैस चैंबर’ से कम नहीं है और स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों से अधिकतम सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button