अहमदाबाद को मिली 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी, भारत ने जीता बड़ा दांव

भारत को 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी आधिकारिक तौर पर मिल गई है। बुधवार को ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स महासभा की बैठक में अहमदाबाद को आयोजन स्थल के रूप में मंजूरी दे दी गई। इसके साथ ही 2010 के बाद पहली बार भारत फिर से इन प्रतिष्ठित खेलों की मेजबानी करेगा। 2010 में दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजित हुए थे।
महासभा में शामिल 74 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने भारत की दावेदारी को समर्थन दिया। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के अध्यक्ष डॉ. डोनाल्ड रुकारे ने कहा कि भारत खेलों में पैमाना, ऊर्जा, महत्वाकांक्षा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत लेकर आता है। उन्होंने कहा कि 2030 का आयोजन राष्ट्रमंडल खेलों के नए स्वर्ण युग की शुरुआत साबित होगा। रुकारे ने यह भी बताया कि 2034 और आगे के खेलों में कई देशों ने मेजबानी में रुचि दिखाई है।
पिछले महीने कॉमनवेल्थ गेम्स एक्जीक्यूटिव बोर्ड ने अहमदाबाद की मेजबानी की सिफारिश की थी, जिसे अब महासभा ने अंतिम मंजूरी दे दी। मेजबानी की दौड़ में नाइजीरिया के अबुजा का भी नाम था, लेकिन भारत आगे निकल गया। खास बात यह है कि 2030 में राष्ट्रमंडल खेल 100 वर्ष पूरे करने जा रहे हैं, ऐसे में इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजन भारत में होना बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने भारत पर दिखाए गए विश्वास पर धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि 2030 के खेल सिर्फ 100 साल का जश्न नहीं होंगे, बल्कि नई सदी की नींव भी रखेंगे। उन्होंने कहा कि ये खेल विभिन्न देशों के एथलीटों और संस्कृतियों को एक मंच पर एकजुट करेंगे।
पहला कॉमनवेल्थ गेम्स 1930 में कनाडा के हैमिल्टन में आयोजित हुआ था। अब अहमदाबाद में होने वाला आयोजन इतिहास के सबसे खास गेम्स में गिना जाएगा। माना जा रहा है कि इस फैसले से 2036 ओलंपिक की मेजबानी की भारत की दावेदारी को भी मजबूती मिलेगी, क्योंकि अहमदाबाद ओलंपिक बोली की संभावित सूची में शामिल है और पिछले वर्षों में शहर का खेल इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित हुआ है।
कॉमनवेल्थ स्पोर्ट ने यह भी पुष्टि की है कि 2030 के गेम्स में 15 से 17 खेल शामिल होंगे। इनमें एथलेटिक्स, पैरा एथलेटिक्स, तैराकी, पैरा स्विमिंग, टेबल टेनिस, पैरा टेबल टेनिस, बाउल्स, पैरा बाउल्स, भारोत्तोलन, पैरा पावरलिफ्टिंग, जिमनास्टिक्स, नेटबॉल और बॉक्सिंग जैसे खेल निश्चित रूप से शामिल रहेंगे।





